सड़क सुरक्षा के लिए NSS स्वयंसेवकों ने संभाली जिम्मेदारी, श्रमदान कर की सड़क की मरम्मत
सड़क सुरक्षा के लिए NSS स्वयंसेवकों ने संभाली जिम्मेदारी, श्रमदान कर की सड़क की मरम्मत
अंबिकापुर-जशपुर स्टेट हाईवे पर महाविद्यालय के स्वयंसेवकों ने किया सराहनीय सामाजिक श्रमदान
बगीचा। शासकीय संत रामेश्वर गहिरा गुरुजी महाविद्यालय, बगीचा की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के स्वयंसेवकों ने आज सामाजिक जिम्मेदारी और जनसेवा की मिसाल पेश करते हुए अंबिकापुर से जशपुर जाने वाले स्टेट हाईवे पर श्रमदान कर सड़क की मरम्मत की।
उल्लेखनीय है कि अंबिकापुर-जशपुर मुख्य मार्ग पर कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। राहगीरों एवं वाहन चालकों को हो रही परेशानियों तथा सड़क सुरक्षा के प्रति चिंता को देखते हुए महाविद्यालय की NSS इकाई ने स्वयं आगे आकर इस समस्या के समाधान में अपना योगदान देने का निर्णय लिया।
इसी क्रम में आज महाविद्यालय के उत्साही एन एस एस स्वयंसेवकों एवं महाविद्यालय के स्टाफ सदस्यों ने मिलकर श्रमदान किया और सड़क के गड्ढों की मरम्मत कर आवागमन को सुगम एवं सुरक्षित बनाने का प्रयास किया। स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ इस कार्य में भाग लिया।
यह श्रमदान कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य श्री शरद कुमार नेताम के नेतृत्व एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजीव रंजन तिग्गा की अगुवाई में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर महाविद्यालय के अतिथि व्याख्याता गिरिश वर्मा, पूनम माणिकपुरी, सुजीत वर्मा, कन्या शाला बगीचा के व्याख्याता डॉ अफजल इमाम सुरेंद्र पैकरा, जगजीवन राम एवं आकाश भगत सहित एनएसएस स्वयंसेवक वरुथिनी परते, अनुरानी टोप्पो, प्रिया नागेश, राशिद कुमार, कमलेश राम, मोनिका भगत, रवीना तिग्गा, असंग एक्का एवं सुदर्शन यादव ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य श्री शरद कुमार नेताम ने स्वयंसेवकों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य केवल शैक्षणिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की वास्तविक समस्याओं के समाधान में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना भी है।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजीव रंजन तिग्गा ने कहा कि NSS का मूल मंत्र 'मैं नहीं, बल्कि आप' है। समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए स्वयंसेवकों ने सड़क सुरक्षा एवं जनहित के लिए जो पहल की है, वह अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।
Nitesh