सेक्टर लेवल हैंडबॉल पुरुष स्पर्धा आयोजित दूसरे स्थान पर रही एनईएस काॅलेज की टीम

सेक्टर लेवल हैंडबॉल पुरुष स्पर्धा आयोजित दूसरे स्थान पर रही एनईएस काॅलेज की टीम

सेक्टर लेवल हैंडबॉल पुरुष स्पर्धा आयोजित
दूसरे स्थान पर रही एनईएस काॅलेज की टीम
जषपुर नगर। छत्तीसगढ़ शासन उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शासकीय राम भजन राय एनईएस स्नातकोत्तर महाविद्यालय द्वारा परिक्षेत्र स्तरीय हैंडबॉल(पुरुष) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। एनईएस खेल मैदान में सोमवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में पिछले बार की विजेता रही सरस्वती महाविद्यालय, अंबिकापुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन दोहराते हुए खिताब अपने नाम किया। मेजबान एनईएस काॅलेज की टीम दूसरे स्थान पर रही। एनईएस काॅलेज को पहली बार उपविजेता का पुरस्कार प्राप्त करने में सफलता मिली है। 
स्पर्धा में सरगुजा संभाग के पांच काॅलेज की टीमों ने हिस्सा लिया। उद्घाटन मुकाबला मेजबान एनईएस काॅलेज एवं शासकीय बालासाहेब देशपांडे महाविद्यालय, कुनकुरी के मध्य खेला गया, जिसमें मेजबान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच अपने नाम किया। स्पर्धा का पहला सेमीफाइनल मुकाबला शासकीय राजीव गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर एवं सरस्वती महाविद्यालय, अंबिकापुर के बीच खेला गया, जिसमें सरस्वती महाविद्यालय की टीम ने शुरुआत से ही मैच में अपनी पकड़ बनाए रखा और मैच को आसानी से जीतते हुए फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला मेजबान एनईएस काॅलेज और पिछले बार की रनर अप रही श्री साईं बाबा महाविद्यालय, अंबिकापुर के मध्य खेला गया। यह मुकाबला कांटे का रहा, जिसमें मेजबान टीम ने जीत हासिल किया।  
स्पर्धा के उद्घाटन अवसर पर एनईएस काॅलेज के प्राचार्य डॉ. अमरेंद्र ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं बल्कि यह जीवन में अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और संघर्षशीलता का भी निर्माण करते हैं। प्रतिभागी टीमों को शुभकामनाएं देते हुए डाॅ. अमरेंद्र ने कहा कि जीत और हार दोनों ही खेल के अभिन्न अंग हैं। जीत हमें आत्मविश्वास, संयम और सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदान करते हैं। समापन समारोह में डाॅ. अमरेंद्र ने विजेता व उपविजेता टीम को ट्राॅफी प्रदान किया। एनईएस काॅलेज के क्रीड़ा अधिकारी मनोरंजन कुमार ने अपने धन्यवाद उद्बोधन में बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य सरगुजा विश्वविद्यालय एवं राज्य स्तरीय टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन करना था। एनईएस खेल मैदान में नया हैंडबॉल मैदान बनाया गया है। जिसमें अब इस खेल के प्रतिभाशाली खिलाड़ी प्रेक्टिस कर सकेंगे। जशपुर नगर में अब दोनों शासकीय महाविद्यालयों में हैंडबॉल के मैदान हो गए हैं। 
स्पर्धा के सफल संचालन में ऑब्जर्बर क्रीड़ा अधिकारी राजू राज कुजूर, चयन समिति एवं निर्णायक मंडल में अतिथि क्रीड़ा अधिकारी  विवेकानंद  केविएस के पीईटीए नवीन कुमार, व्यायाम शिक्षक विमल लकड़ा और हाॅकी कोच सुप्रिया तिग्गा ने सक्रिय सहयोग दिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रो. डाॅ. यूएन लकड़ा, डॉ. जेपी कुजूर, प्रो. एसईजी लकड़ा, प्रो. कीर्ति किरण केरकेट्टा, प्रो. रिजवाना खातून, प्रो. प्रवीण सतपति, डॉ. हरिकेश कुमार, अंजिता कुजूर, प्रिंसी कुजूर, लाइजन मिंज, वरुण श्रीवास, महाविद्यालय के रजिस्ट्रार बीआर भारद्वाज सहित महाविद्यालय के कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक गौतम कुमार सूर्यवंशी ने किया। मंगलवार को विवि व राज्य टीम में चयन के लिए ट्रायल खेल का आयोजन किया गया।