एक पहल बच्चों की खुशी के लिए, रायकेरा में मुस्कान दिवस का आयोजन।
एक पहल बच्चों की खुशी के लिए, रायकेरा में मुस्कान दिवस का आयोजन।
रायकेरा-मुस्कान एक नई सोच एवं बगीचा महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना, शासकीय संत रामेश्वर गहिरा गुरु महाविद्यालय, बगीचा इकाई ने 90 बच्चों को स्वेटर वितरित किए। बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने और उनके साथ खुशियों के पल साझा करने के उद्देश्य से मुस्कान एक नई सोच एवं शासकीय संत रमेश्वर गहिरा गुरुजी महाविद्यालय, बगीचा की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय के गोद ग्राम रायकेरा स्थित शासकीय विद्यालय में मुस्कान दिवस का आयोजन किया गया। ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए बच्चों को स्वेटर वितरित करने के साथ-साथ उनके बीच अपनत्व, संवेदना और उत्साह का वातावरण निर्मित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम पंचायत रायकेरा की सरपंच श्रीमती श्रीवास द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र पर पुष्प अर्चना कर किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच एवं उपसरपंच, महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण, विद्यालय के शिक्षक, एनएसएस स्वयंसेवक, अभिभावक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। रायकेरा विद्यालय के बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में मुस्कान एक नई सोच के अध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन तिग्गा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए संस्था के उद्देश्यों से सभी को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि मुस्कान एक नई सोच का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग करना, उन्हें आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना तथा उनके जीवन में खुशियों के नए अवसर पैदा करना है। इस पहल से महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं समाज के अनेक सहयोगी जुड़े हुए हैं, जो बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए अपनी सहभागिता निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की मुस्कान ही इस पहल की सबसे बड़ी प्रेरणा है।
महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री शरद कुमार नेताम ने बच्चों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को लगन, मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी।
ग्राम पंचायत के उपसरपंच ने भी बच्चों के हित में अपने विचार व्यक्त करते हुए उन्हें आगे बढ़ने और शिक्षा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत रायकेरा की सरपंच श्रीमती श्रीवास ने अपने उद्बोधन में बच्चों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने, मेहनत करने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के कुल 90 बच्चों को स्वेटर वितरित किए गए। ठंड के मौसम में बच्चों को स्वेटर प्रदान करने की इस पहल से उनके चेहरों पर खुशी झलक उठी। स्वेटर प्राप्त कर बच्चों ने प्रसन्नता व्यक्त की और आयोजकों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार जताया। बच्चों की खिलखिलाहट और उत्साह ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
क्षइस अवसर पर हाई स्कूल के प्राचार्य श्री भगत जी, मिडिल स्कूल की प्रधानपाठिका श्रीमती मार्गरेट कुजूर, प्राथमिक विद्यालय की प्रधानपाठिका श्रीमती चौहान जी, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, विद्यालय के शिक्षकगण एवं अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम में सहयोग प्रदान कर आयोजन को सफल बनाया।कार्यक्रम को सफल बनाने में मुस्कान एक नई सोच की उपाध्यक्ष श्रीमती गीतांजलि शर्मा तथा महाविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवकों की विशेष भूमिका रही। स्वयंसेवकों ने उत्साह, समर्पण और सेवाभाव के साथ कार्यक्रम की व्यवस्थाओं एवं स्वेटर वितरण में सहयोग किया।
मुस्कान दिवस का यह आयोजन केवल वस्त्र वितरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों के प्रति प्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनाओं को अभिव्यक्त करने का अवसर बना। इस पहल ने संदेश दिया कि समाज के सामूहिक प्रयास से बच्चों के जीवन में खुशियां लाई जा सकती हैं और उनकी शिक्षा एवं भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में सार्थक कदम उठाए जा सकते हैं। बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान ही इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि रही।
Nitesh